रोज़ाना : बेटियों से शक्ति कपूर की अपील



रोज़ाना
शक्ति कपूर की बेटियों से अपील

-
अजय ब्रह्मात्‍मज
हाल ही में अभिनेता शक्ति कपूर ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। सभी जानते हैं कि शक्ति कपूर की बेटी श्रद्धा कपूर चर्चित और लोकप्रिय अभिनेत्री हैं। पिछले कुछ समय से शक्ति कपूर और श्रद्धा कपूर चर्चा में हैं। मुंबई की हिंदी फिल्‍म इंडस्‍ट्री के गलियारों और फिल्‍मी पत्र-पत्रिकाओं में लगातार खबरें चल रही हैा कि 'रॉक ऑन' के समय से फरहान अख्‍तर और श्रद्धा कपूर के बीच कुछ चल रहा है। दोनों की नजदीकियों के किस्‍से पहले तो फिल्‍म रिलीज के समय के प्रचार अभियान का किस्‍सा लगे,लेकिन बाद की खबरों से भान हुआ कि मामला गंभीर है। बीच में यह भी खबर आई कि शक्ति कपूर श्रद्धा कपूर को मना कर घर वापस ले आए थे। शक्ति कपूर के ताजा वीडियो संदेश के आशय पर गौर करें तो वे आम बेटियों के बहाने सीधे श्रद्धा कपूर को संबोधित कर रहे हैं।

इस वीडियो संदेश में शक्ति कपूर ने कहा है कि मैं एक पिता हूं। मेरी एक बेटी है और एक बेटा भी है। अगली पंक्तियों में बात बेटी तक सिमट जाती है। वे कहते हैं कि हम ने तुम्‍हें लाड़ के साथ पढ़ाया। अपनी जिम्‍मेदारी पूरी की। आज तुम सफल और अपने पैरों पर खड़ी हो। वे आगे अपने मन की बात कह देते हैं...अचानक वह भाग के या कोई भी लड़की माता-पिता के आज्ञा लिए बगैर किसी से शादी कर लेती है,घर से भाग कर शादी कर लेती है,भूल जाती है कि जिन मां-बाप ने उसे पैदा किया था और जिन्‍होंने उसकी परवरिश की थी,उनका वह दिल वह कितना दुखा रही है...शक्ति कपूर विस्‍तार से बताते हैं कि बेटियों को मनमर्जी का फैसला नहीं लेना चाहिए। उन्‍हें मां-बाप के कहे में रहना चाहिए। इस वीडियों संदेश के अंत में शक्ति कपूर अपनी आगामी फिल्‍म 'लव यू फैमिली' का जिक्र कर देते हैं। रिलीज हो रही फिल्‍म से जोउ़ने के बावजूद इस वीडियो संदेश में उनकी...एक पारंपरिक पिता की कातरता स्‍पष्‍ट झलकती है।
हिंदी फिल्‍में लगातार जिस प्रेम की दुहाई देती हैं,उसमें प्रेमविवाह पर जोर रहता है। नायक-नायिका सभी मुश्किलों और प्रतिरोधों को पार कर प्रेमविवाह करते हैं। इस कोशिश में उन्‍हें कई बार माता-पिता और समाज के विरोध का सामना करना पड़ता है। हिंदी फिल्‍मों के दर्शक फिल्‍म स्‍टारों की जिंदगी से प्रेरित होते हैं। शक्ति कपूर का वीडियो संदेश कहीं न कहीं बेटी के इरादे से असहमत दिखाई देता है। हो सकता है कि शक्ति कपूर को अपनी बेटी की पसंद ही नापसंद हो। यह भी मुमकिन है कि वे अपनी बेटी के हित में इस तरह से सोच रहे हों,लेकिन उनका वीडियो संदेश किसी पारंपरिक और रुढि़बद्ध पिता की छवि ही पेश करता है।

श्रद्धा कपूर आज के दौर की सफल लड़की और अभिनेत्री हैं। वह आत्‍मलिर्भर हैं। कामयाबी के बाद घर-परिवार पर उनकी निर्भरता खत्‍म हो गई हैा। आत्‍म्‍ा निर्भरता एक प्रकार की स्‍वायत्‍तता भी देती है।
शक्ति कपूर हिंदी फिल्‍म इंडस्‍ट्री के उन पिताओं की तरह ही दिखते हैं,जो अपने बेटों को हर किस्‍म की आजादी देते हैं और उनके फैसलों को मानते हैं,लेकिन बेटी के मामले में उनका कथित पिता जागता है,जो बेटियों के फैसलों को प्रभावित करने की कोशिश करता है। इसे वह नैतिकता,जिम्‍मेदारी और कर्तव्‍य का नाम देता है।


Comments

Popular posts from this blog

तो शुरू करें

फिल्म समीक्षा: 3 इडियट

फिल्‍म समीक्षा : आई एम कलाम